सेवा, समर्पण के रूप में मना परिवहन मंत्री का जन्मदिन
सौ से अधिक मंदिरों में हुआ सुंदरकांड पाठ, पौधरोपण के साथ ही अस्पताल व निराश्रित केंद्र में हुआ सामान वितरण
बलिया।। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को उनके विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों की श्रृंखला आयोजित की गई। पूरे दिन विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ, जरूरतमंदों को वस्त्र एवं मिष्ठान वितरण तथा अस्पतालों में मरीजों के बीच फल व मिष्ठान वितरण जैसे कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसे सेवा, समर्पण और जनकल्याण का दिवस बताते हुए मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश की प्रगति की कामना की। भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष सोनी तिवारी, हनुमानगंज मंडल अध्यक्ष विश्वजीत तिवारी, छाता मंडल अध्यक्ष दीनबंधु मौर्य तथा दुबहड़ मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक मंदिरों में सामूहिक रूप से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और बजरंगबली की आराधना कर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामना की। मंदिरों में भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण भी किया गया।
इसी क्रम में परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में निधरिया निराश्रित केंद्र में रह रहीं महिलाओं एवं युवतियों को वस्त्र, मिष्ठान एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग की सेवा ही किसी भी जनप्रतिनिधि के जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य होना चाहिए। लाभार्थियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए मंत्री के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल में भी कार्यकर्ताओं ने भर्ती 300 से अधिक मरीजों के बीच फल, मिष्ठान एवं अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया। इस बीच धर्मेंद्र सिंह ने मरीजों और उनके परिजनों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।सभी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जनसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में केके सिंह, रवि सिंह, बंटू सिंह, कुलवंत सिंह, संजय सोनी आदि मौजूद रहे।















