बलिया में पुस्तक समीक्षा कार्यक्रम का आयोजन, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मिला सम्मान
डॉ सुनील कुमार ओझा
बलिया।। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के कुलपति प्रो. सत्यकाम के संरक्षण में क्षेत्रीय केंद्र, बलिया द्वारा "पुस्तक पढ़ना एवं रिव्यू रिपोर्ट" कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करना तथा साहित्यिक एवं बौद्धिक चिंतन को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कर उनकी समीक्षा प्रस्तुत की। प्रतिभागियों ने पुस्तकों की विषयवस्तु, लेखन शैली, सामाजिक प्रासंगिकता तथा उनसे प्राप्त शिक्षाओं पर अपने विचार साझा किए। समीक्षा प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने पुस्तक अध्ययन से अर्जित ज्ञान एवं अनुभवों को प्रभावी ढंग से व्यक्त किया।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सच्ची मित्र होती हैं तथा नियमित अध्ययन से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त साहित्य, जीवनी, इतिहास एवं प्रेरणादायक पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट रिव्यू रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. प्रेम प्रकाश कुशवाहा, गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रंजना मल्ल तथा कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पठन संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया।








