Breaking News

परिवहन मंत्री ने सूचना विभाग की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन :केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शनी शुरू

 





सूचना विभाग की तीन दिवसीय प्रदर्शनी शुरू, योजनाओं की पुस्तिकाएं वितरित

जन-जन तक पहुंचे योजनाओं की जानकारी, मंत्री ने बांटी प्रचार पुस्तिकाएं


बलिया।। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा प्रकाशित केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित प्रचार-प्रसार पुस्तिका का आमजन को वितरण भी किया। मंत्री ने स्वयं अपने हाथों से उपस्थित लोगों को पुस्तिकाएं प्रदान कर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उद्घाटन के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से आम जनता को सरकार की विकासपरक योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त होती है। सूचना विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मंत्री ने सूचना विभाग को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। 





प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सीडीओ ओजस्वी राज, जिला सूचना अधिकारी ऋषभ देव त्रिपाठी, जिला पर्यटन अधिकारी रूपेश कुमार गुप्ता, अरुण कुमार, रमाकांत चौहान, अभिषेक सिंह, हरीशचंद्र, विवेक उपाध्याय, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।