अटल जी ने रखी आधारशिला, दयाशंकर सिंह करेंगे दशकों बाद शिला का उद्धार
अटल जी की जयंती पर करूंगा लोकार्पण,छह माह में बदलेगी विवेकानंद सरस्वती शिशु मंदिर की तस्वीर : दयाशंकर सिंह
डॉ सुनील कुमार ओझा
बलिया।। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के बादिलपुर गांव स्थित विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर बघौच बाबूबेल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। वर्ष 1986 में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व० अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जिस विद्यालय का शिलान्यास कर कहा था कि योगेंद्र ! "कहीं ऐसा न हो जैसे उस शिला के उद्धार के लिए भगवान राम को अवतार लेना पड़ा वैसे ही इस शिला के उद्धार के लिए किसी राम को अवतरित होना पड़ जाए । वर्षों से जर्जर पड़े इस विद्यालय की अवस्था को चरितार्थ कर रहे अटल जी के वें अटल शब्द आज भी उस राम की प्रतिक्षा में हैं जो इस विद्यालय का उद्धार करे । पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद भरत सिंह द्वारा कुछ सहयोग किया गया, किन्तु विद्यालय का समुचित विकास नहीं हो सका। आठवीं तक की मान्यता प्राप्त विद्या के इस मंदिर में विद्वान गुरुजनों द्वारा कम वेतन एवं शुल्क में समर्पित भाव से राष्ट्रनायकों को तैयार किया जाता रहा है । गरीब परिवार के बच्चे आज भी यहां कम फीस में अच्छी शिक्षा प्राप्त करते हैं।
बीती रात को विद्यालय प्रांगण में आयोजित पूर्व कार्यकर्ता बैठक एवं सहभोज कार्यक्रम में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री श्री दयाशंकर सिंह ने अटल जी के उस अटल शब्दों को प्रणाम कर सभा को संबोधित करते हुए यह ऐलान किया कि स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर का कायाकल्प, नवीनीकरण, 12 वीं तक की मान्यता एवं समुचित व्यवस्थाएं अटल जी की जयंती 25 दिसम्बर 2026 के पूर्व पूर्ण की जाएंगी। इतना ही नहीं, उन्होंने घोषणा की कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्मदिन के अवसर पर इस विद्यालय का भव्य लोकार्पण किया जाएगा और इसी प्रांगण के सहभोज में मैं पुन: उपस्थित होऊंगा।
परिवहन मंत्री के इस ऐलान के बाद कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। किसी ने इसे अटल जी के सपनों को नई उड़ान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया तो किसी ने अटल जी के अटल शब्दों का राम कहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा नेता और विद्यालय के शिक्षक सहदेव मिश्र के स्वागत गीत से प्रारंभ हुआ । कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, पूर्व अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, विनोद शंकर दुबे, जयप्रकाश साहू, अरविंद सिंह सिंगर, डॉ. सुनील कुमार ओझा, अमित कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष अश्वनी ओझा, वर्तमान मंडल अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी, सुशील पांडेय तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा कामेश्वर तिवारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ (जनसंघ) भाजपा कार्यकर्ता एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को अयोध्या प्रसाद हिंद, अनिल पांडे, अनिल सिंह एवं भाजपा नेता पूर्व ब्लॉक प्रमुख बेलहरी मृत्युंजय तिवारी ‘बबलू जी’ सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। बबलू जी ने NH 31 मुख्य से मार्ग से विद्यालय तक पक्की सड़क बनवाने की घोषणा की । वक्ताओं ने कहा कि यह विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं बल्कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की स्मृतियों और संस्कारों का प्रतीक है, जिसे अब नई पहचान मिलने जा रही है। विद्यालय के प्रबंधक श्री योगेंद्र नाथ ओझा ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन राजनारायण तिवारी ने किया।










