Breaking News

समस्तीपुर मे मड़ुआ, सांवा और कोदो की उन्नत खेती सीखेंगे जिले के किसान, टीम रवाना

 





मिलेट्स की खेती की उन्नत तकनीक सीखने समस्तीपुर रवाना हुए किसान

बलिया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन 2026-27 के न्यूट्री सीरियल घटक के तहत जिले के किसानों को मिलेट्स की खेती, उत्पादन और प्रसंस्करण की उन्नत तकनीक का प्रशिक्षण दिलाने के लिए किसानों का दल बिहार के समस्तीपुर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के लिए रवाना हुआ। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में किसानों को मड़ुआ, सांवा, कोदो समेत अन्य मोटे अनाजों की वैज्ञानिक एवं उन्नत खेती की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मिलेट्स के उत्पादन, प्रसंस्करण तथा उनसे विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार करने की विधि के बारे में भी किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जनपद से अधिकारी एवं कर्मचारियों समेत 10 सदस्यीय दल प्रशिक्षण के लिए रवाना हुआ। उप निदेशक कृषि बलिया मनीष कुमार सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। उन्होंने कहा कि मिलेट्स की खेती किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पोषण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक की जानकारी मिलेगी, जिससे वे अपने खेतों में मिलेट्स का बेहतर उत्पादन कर सकेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मिलेट्स की खेती के लिए भूमि की तैयारी, उन्नत प्रजातियों का चयन, बुवाई, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा फसल की कटाई और भंडारण की तकनीक की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मिलेट्स के मूल्य संवर्धन और प्रसंस्करण के जरिए अतिरिक्त आय अर्जित करने के तरीकों से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा। कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को मोटे अनाजों की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही मिलेट्स के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण से लौटने के बाद किसान सीखी गई तकनीकों को अपने क्षेत्र के अन्य किसानों तक भी पहुंचाएंगे।