समाजसेवी सभासद नीलेश दीपू की मेहनत लायी रंग, बच्ची का गुम हुआ मिला मोबाइल, दीपू की हो रही है चहुओर तारीफ
बिल्थरारोड बलिया।। क्षेत्र के जमुआव खामपुर निवासी खुशबू प्रजापति का एक दिन पूर्व नगर में गुम हुआ मोबाइल सभासद एवं समाजसेवी निलेश दीपू के प्रयास से सकुशल बरामद हो गया। मोबाइल मिलने के बाद खुशबू और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली तथा निलेश दीपू के प्रति आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार रविवार को खुशबू प्रजापति नगर के जीएम गली के समीप स्थित एक शिकंजी की दुकान पर गई थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल कहीं गिर गया। काफी खोजबीन और प्रयास के बावजूद मोबाइल का कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को जब खुशबू दोबारा नगर पहुंचीं और अपने नम्बर पर कॉल किया, तो फोन की घंटी जा रही थी, लेकिन मोबाइल किसके पास है इसकी जानकारी नहीं हो पा रही थी।
मामले की सूचना मिलते ही सभासद एवं समाजसेवी निलेश दीपू मौके पर पहुंचे और विभिन्न सूत्रों के माध्यम से मोबाइल का पता लगाने में जुट गए। लगातार प्रयास और सक्रियता के बाद आखिरकार मोबाइल बरामद कर खुशबू को सौंप दिया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर खुशबू प्रजापति भावुक हो उठीं। उन्होंने बताया कि मोबाइल में उनके जरूरी प्रमाणपत्र, पढ़ाई से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई आवश्यक जानकारियां सुरक्षित थीं। समय रहते मोबाइल मिल जाने से बड़ी परेशानी टल गई।स्थानीय लोगों ने भी निलेश दीपू की तत्परता और मददगार स्वभाव की सराहना की।







