होनहार चिकित्सक डॉ. अमरेंद्र गुप्ता का हुआ भव्य सम्मान, क्षेत्र में खुशी की लहर
बेल्थरा रोड (बलिया)।।नगर क्षेत्र के ग्राम सभा चौकिया निवासी एवं प्रतिभाशाली चिकित्सक डॉ. अमरेंद्र कुमार गुप्ता का बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नगर के एक अस्पताल परिसर में नगर अध्यक्ष निलेश कुमार दीपू के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. अमरेंद्र गुप्ता हाल ही में पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे, जहां उनके स्वागत और सम्मान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। वर्तमान में उनकी तैनाती दिल्ली एम्स में है, जिसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान उनके पिता डॉ. विजय शंकर गुप्त भी मौजूद रहे।
डॉ. अमरेंद्र गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय चौकिया से हुई। इसके बाद उन्होंने नवोदय विद्यालय सिंहाचवर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और KGMU से एमबीबीएस तथा फातिमा मेडिकल कॉलेज से एमडी की उपाधि प्राप्त की। उनके परिवार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक है—पिता प्रधानाध्यापक, छोटा भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में एवं बड़ी बहन शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
सम्मान समारोह में अपने संबोधन में डॉ. अमरेंद्र गुप्ता ने कहा, “मैं अपने गांव, माता-पिता और गुरुओं का हमेशा ऋणी रहूंगा। आज जो भी हूं, उनकी मेहनत और आशीर्वाद का परिणाम है। युवाओं से कहना चाहता हूं कि लक्ष्य तय कर मेहनत और धैर्य के साथ आगे बढ़ें, सफलता जरूर मिलेगी।”
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि डॉ. अमरेंद्र गुप्ता ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और युवाओं के लिए प्रेरणा बने हैं।इस अवसर पर मोहन सिंह वर्मा, राजेश गुप्ता, सत्य प्रकाश गुप्ता, पवन वर्मा, हेमंत शुक्ला, वागीश पांडे, संदीप जयसवाल, मंटू मल्ल, राघवेंद्र कुमार, संतोष यादव, शुभम वर्मा, गौरव सर्राफ, बिन्नू वर्मा, अमन बरनवाल, अली नवाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










