नए डीएम के रूप में आईएएस आनंद वर्धन ने संभाला कार्यभार, मऊ में विकास और कानून-व्यवस्था पर दिया जोर
मऊ।। प्रशासनिक बदलाव के तहत 2017 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन ने मऊ के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने और विकास कार्यों की समीक्षा की शुरुआत कर दी।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें कानून-व्यवस्था, चल रही विकास परियोजनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ होना चाहिए, साथ ही जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आनंद वर्धन इससे पहले गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं, जहां उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण आवासीय और शहरी विकास परियोजनाओं को नई गति मिली। खोराबार टाउनशिप, गोरक्ष एन्क्लेव, राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी जैसी योजनाओं के जरिए शहरी ढांचे को मजबूत करने का काम उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे शहर के विकास को एक नई दिशा मिली।
इससे पहले वे नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने शहरी परिवहन और प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए।
नए जिलाधिकारी ने मऊ में अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, विकास कार्यों को गति देना और आम जनता को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना होगा। उनके पदभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।








