10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों मे फेरबदल, जाने किसका बदला विभाग
लखनऊ।। उत्तर प्रदेश शासन ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है। फेरबदल में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, उच्च शिक्षा, कृषि, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, ऊर्जा तथा श्रम एवं सेवायोजन जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। कई अधिकारियों को वर्तमान पद के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
शासन के आदेश के अनुसार श्री अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा के साथ अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है। श्री अमृत अभिजात को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य के वर्तमान पद के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
श्रीमती वी. हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन के साथ प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा के साथ प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन का दायित्व सौंपा गया है।
श्री अनिल कुमार को प्रमुख सचिव पंचायती राज के साथ प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, प्रमुख सचिव उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी दी गई है। डा. सुंदरम एम.के.एस. को प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन, प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा एवं अनुसंधान, प्रमुख सचिव कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन, प्रमुख सचिव कृषि तथा प्रमुख सचिव कृषि शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है।
श्री रविंद्र को प्रमुख सचिव कृषि, प्रमुख सचिव कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, प्रमुख सचिव कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन तथा निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य कृषि मंडी परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। श्री अमित गुप्ता को प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के साथ खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले से जुड़े दायित्व दिए गए हैं।
श्री रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा का दायित्व देते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड तथा यूपीएसएलडीसी लिमिटेड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं डा. आशीष कुमार गोयल को अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा के साथ अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें पावर कॉरपोरेशन, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन, राज्य विद्युत उत्पादन निगम तथा यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी दी गई है। साथ ही अपर स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली का दायित्व भी उनके पास रहेगा।
शासन के इस फेरबदल में प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों के बीच जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ऊर्जा, खाद्य-रसद और श्रम विभागों में प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियां प्रभावी होंगी।








