नवकापुरा से बस स्टेशन गली तक गूंजे बाबा साहेब के जयकारे, अंबेडकर जयंती पर कई स्थानों पर भव्य आयोजन
बेल्थरा रोड (बलिया)।।डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर बेल्थरा रोड क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। वार्ड नंबर 3 (नवकापुरा) के सभासद एवं नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष निलेश दीपू ने अपने वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस दौरान नवकापुरा, चौकिया मोड़ तथा वार्ड नंबर 2 बस स्टेशन गली में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने पदाधिकारियों एवं साथियों के साथ पहुंचकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। नवकापुरा में अपने संबोधन में निलेश दीपू ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर केक काटकर बाबा साहेब का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राजेश गुप्ता, सत्य प्रकाश, संदीप जायसवाल, मिन्हाज आलम एवं रिजवान उल्लाह अंसारी के साथ-साथ मंटू मल्ल, अश्वनी छोटू, राघवेंद्र, डिल्लू, रमेश गुप्ता, संजय गुप्ता एवं अंगद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और कार्यक्रम ने सामाजिक एकता एवं भाईचारे का मजबूत संदेश दिया।
















