अब स्मार्ट होंगे बलिया के चौराहे, कंट्रोल रूम से होगी 24 घंटे होगी निगरानी
बलिया के 10 चौराहों का बदलेगा स्वरुप , 5 करोड़ की परियोजना से होगा कायाकल्प
अब सुरक्षित और व्यवस्थित होगा बलिया का ट्रैफिक, चौराहों पर लगेंगे हाईटेक सिस्टम
बलिया।। शहर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में नगर पालिका ने बड़ी पहल शुरू की है। मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने जानकारी दी कि नगर के 10 प्रमुख चौराहों के सौंदर्यकरण और आधुनिकरण के लिए विस्तृत योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके तहत संबंधित विभागों के अधिकारियों ने चौराहों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और विभिन्न बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार की गई। उन्होंने बताया कि माननीय परिवहन मंत्री के प्रयासों से इस परियोजना के लिए शासन द्वारा 3 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जबकि कुल लागत लगभग 5 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
इस योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट चौराहा, कुंवर चौराहा, एनसीसी चौराहा, मिड्ढा चौराहा, चित्तू पांडे चौराहा, रेलवे चौराहा, कदंब चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, चौक और जैपलिन गंज चौराहा का व्यापक विकास किया जाएगा। परियोजना के तहत चौराहों पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें LED स्क्रीन, ट्रैफिक लाइट, बुलेट कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, आकर्षक लाइटिंग, डिवाइडर, फुटपाथ, पौधारोपण और पेंटिंग शामिल हैं। साथ ही, यातायात को सुगम बनाने के लिए चौराहों का चौड़ीकरण किया जाएगा और विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर को हटाकर व्यवस्थित किया जाएगा। विशेष रूप से कलेक्ट्रेट चौराहे को भव्य स्वरूप देने के लिए वहां से ट्रांसफार्मर हटाकर विद्युत पोल को स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं, कुंवर चौराहे पर भी ट्रांसफार्मर और पोल हटाने के साथ पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा, परियोजना के अंतर्गत एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी चौराहों की निगरानी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। चौराहों को इंटरनेट से जोड़ने के लिए भूमिगत केबल भी बिछाई जाएगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस योजना के पूरा होने से शहर के चौराहों का न केवल सौंदर्यकरण होगा, बल्कि यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और सुरक्षा व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।








