Breaking News

घर में चल रही थी नोट छापने की फैक्ट्री: पुलिस की छापेमारी में जाली नोट गैंग ध्वस्त, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

 




चंदौली/मुगलसराय।। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जाली नोट छापने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि इस नेटवर्क में शामिल दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।

सीओ अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में अलीनगर कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मानस नगर गेट के पास एक मकान में जाली नोट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। मौके पर मौजूद आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम की सतर्कता से उन्हें दबोच लिया गया।



छापेमारी के दौरान पुलिस ने 100 रुपये के 55 जाली नोट, सैकड़ों अर्धनिर्मित नोटों की शीट, वाटरमार्क पेपर, प्रिंटर, लैपटॉप और लैमिनेटर समेत कई अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह घर के अंदर ही ‘मिनी नोट फैक्ट्री’ संचालित कर जाली मुद्रा तैयार कर रहा था।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी उधम सिंह यादव ने बताया कि उसने यूट्यूब और गूगल के जरिए जाली नोट छापने की तकनीक सीखी थी। इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क बनाकर उपकरण जुटाए गए और फिर अवैध कारोबार शुरू किया गया। आरोपी 3500 रुपये के जाली नोट के बदले 1000 रुपये असली मुद्रा में लेता था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।