मुख्य विकास अधिकारी ने सुनी छात्रवृत्ति से संबंधित छात्रों की समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
बलिया।। सोमवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में छात्रवृत्ति (Scholarship) से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हुए। छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित आवेदनों के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात की।
मुख्य विकास अधिकारी ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सभी छात्रों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने छात्रों को छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की वर्तमान वस्तुस्थिति (Current Status) से अवगत कराया और तकनीकी कारणों से आ रही बाधाओं की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने तथ्यात्मक रूप से पूरी प्रक्रिया के बारे में छात्रों को अवगत कराया और संख्यात्मक आंकड़े भी प्रस्तुत किए की सभी पात्र छात्रों के आवेदन संस्तुति सहित शासन को प्रेषित किए जा चुके हैं। निदेशायल स्तर से सभी जनपदों का पैसा शीघ्र ही सभी छात्रों के खातों में अंतरित किया जाएगा।
छात्रों को यह भी अवगत कराया कि अपने अपने खातों का केवाईसी और इन पी सी आई करवा लें जिससे कि कोई परेशानी ना हो।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रों के आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन छात्रों के दस्तावेज पूर्ण हैं और जो पात्र हैं, उनकी छात्रवृत्ति के भुगतान में कोई अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने संबंधित शिक्षण संस्थानों के माध्यम से आवेदन की स्थिति की निगरानी करते रहें और किसी भी समस्या के लिए पोर्टल पर उपलब्ध हेल्पडेस्क का उपयोग करें।इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं विकास भवन के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।









