जाने नहर विभाग का जेई कहां हुआ रिश्वत के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार
बाणसागर नहर में रिश्वत का पर्दाफाश, जेई रंगे हाथ गिरफ्तार
पंकज झा
मिर्ज़ापुर ।। बाणसागर नहर निर्माण कार्य का बिल पास कराने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगने वाले जेई मुसाफिर सिंह यादव को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर सखौरा बाणसागर कालोनी स्थित आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, नवंबर 2025 में प्रयागराज मध्य प्रदेश बार्डर पर बन रहे बाणसागर नहर कार्य के ठेकेदार मिथिलेश को चार करोड़ का ठेका मिला था। तीन करोड़ रुपये का कार्य पूर्ण हो चुका था, जबकि एक करोड़ का कार्य बाकी था। ठेकेदार का प्रतिनिधि दीपक ने आरोप लगाया कि जेई ने बिल पास कराने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी, बिना पैसे के बिल पास नहीं किया जा रहा था। इस शिकायत के बाद एंटी करप्शन शाखा मिर्जापुर ने जांच और फर्ज़ी योजना के तहत रंगे हाथ कार्रवाई की। दीपक ने एक लाख रुपये की गड्डी जेई को देने के लिए पहुंची, जहां एंटी करप्शन टीम ने निरीक्षक अनिल कुमार चौरसिया की अगुवाई में दबिश दी और जेई को वीडियोग्राफी के साथ पकड़ लिया। जेई मुसाफिर सिंह यादव को गिरफ्तार कर देहात कोतवाली लाया गया और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। एंटी करप्शन प्रभारी अनिल कुमार चौरसिया ने कहा कि कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी जाएगी और ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।







