Breaking News

विश्वविद्यालय में रोवर–रेंजर गतिविधियों को नई गति :“सेवा, अनुशासन और नेतृत्व से सशक्त युवा,राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम”

 





डॉ सुनील कुमार ओझा

बलिया।। प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार के निर्देशानुसार भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त (आज़मगढ़ मंडल) शैलेश प्रकाश के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रोवर–रेंजर संयोजक प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह के साथ माननीय कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता से जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में शिष्टाचार भेंट एवं औपचारिक बैठक की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर पर रोवर–रेंजर गतिविधियों को सुदृढ़ करना, युवाओं में नेतृत्व, सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना तथा भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों को उच्च शिक्षा से प्रभावी रूप से जोड़ना रहा।

बैठक में विश्वविद्यालय रोवर–रेंजर कार्यकारिणी के गठन पर विस्तृत चर्चा हुई, जिससे संबद्ध महाविद्यालयों में रोवर–रेंजर इकाइयों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके। साथ ही, विश्वविद्यालय एवं प्रादेशिक मुख्यालय के बीच संबद्धता शुल्क पर आपसी सहमति बनी। मार्च माह में विश्वविद्यालय स्तर पर रोवर–रेंजर समागम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसका उद्देश्य प्रशिक्षण, अनुभव-साझाकरण एवं संगठनात्मक एकता को बढ़ावा देना है।

इसके अतिरिक्त, रोवर लीडर एवं रेंजर लीडर बेसिक कोर्स के आयोजन, प्रादेशिक मुख्यालय को देय 15% अंशदान भुगतान, बी.एड. के बकाया रोवर–रेंजर प्रमाण पत्रों के निस्तारण तथा दल पंजीकरण एवं नवीनीकरण प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाने पर सहमति बनी।

प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. घनश्याम दुबे (महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय) द्वारा गतिविधियों का प्रारूप, प्रपत्र एवं अनुभूति पत्रिका माननीय कुलपति को भेंट की गई। कुलपति एवं कुलसचिव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की तथा विश्वविद्यालय रोवर–रेंजर कार्यकारिणी के गठन की मंजूरी दी।

बैठक में अंकित पांडेय, बृजेश गुप्ता एवं अखिलेश कुमार चौहान उपस्थित रहे। अंत में शैलेश प्रकाश द्वारा प्रादेशिक मुख्यालय की वार्षिक पत्रिका कुलपति को भेंट की गई तथा जलपान के पश्चात बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई।