होली को शांतिपूर्ण बनाने हेतु पीस कमेटी की बैठक, तेरहा पिकेट पर सीसी कैमरा लगाने का प्रस्ताव
“आपसी सहयोग से ही सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण त्योहार”
डॉ सुनील कुमार ओझा
हल्दी (बलिया)।। आगामी होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हल्दी थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने की।
बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। थानाध्यक्ष ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, इसे शांति एवं सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, अश्लील गीत बजाने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष ने हल्दी पुलिस पिकेट तेरहा पर सीसी कैमरा लगाए जाने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि सीसी कैमरा स्थापना से क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था और मजबूत होगी तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। प्रस्ताव पर उपस्थित सभी लोगों ने सहमति जताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
अंत में थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस अवसर पर बसुधरपाह चौकी प्रभारी अजय सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद, अनिल सिंह (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), मोती चौधरी (प्रधान रेपुरा), सुभाष मिश्र, उद्धो चौबे, बीरबहादुर (प्रधान बजरहा),मनीष सिंह प्रधान भारसौता, संतोष पासवान प्रधान मुड़डीह,अखिलेश यादव, अनिल तिवारी, सितारा खां, अब्दुल रहमान सहित व्यापार मंडल के सदस्य एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





