सिलेंडर ब्लास्ट से घर ढहा, 2 की मौत, 2 गंभीर घायल
पंकज झा
वाराणसी।। मंडुवाडीह क्षेत्र के लहरतारा इलाके में सोमवार को एक घर की छत और दीवार अचानक गिर गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में लक्ष्मी साहनी और छोटू साहनी की मौके पर मौत हो गई, जबकि गिरजा देवी (65) और मनु साहनी (35) गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे से दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गए। एडीसीपी नीतू के नेतृत्व में मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राय वर्मा और लहरतारा चौकी इंचार्ज राहुल सिंह पुलिस बल के साथ राहत कार्य में जुट गए। नगर निगम के अधिकारी भी मलबा हटाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई और व्यक्ति दबा न रहे। प्रारंभिक जांच में हादसे के सिलेंडर ब्लास्ट से होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।








