कलेक्ट्रेट पर रसोइया संघ का जोरदार प्रदर्शन, सीएम योगी को पत्रक भेजकर की मनरेगा मजदूरों के बराबर प्रतिदिन का मानदेय करने की मांग
सुनील सेन
बलिया।। मंगलवार को उत्तर प्रदेश रसोईया कर्मचारी संघ बलिया की जिला अध्यक्ष श्रीमती रेनू शर्मा और श्रीमती विमला भारती जिला महामंत्री के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में रसोईया ने टाउन हॉल बापू भवन से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंच कर जोरदार प्रदर्शन किया। इन लोगों की मांग है कि रसोईया जिनको प्रतिदिन 65 रुपए का मानदेय मिलता है उसको बढ़कर मनरेगा के मजदूरों के बराबर किया जाए। साथ ही इन लोगों की यह भी मांग है कि इनको जो ₹2000 का मानदेय मिलता है उसको एक साथ दिया जाए। बता दे कि इस ₹2000 में ₹1000 इनको केंद्र सरकार की तरफ से मिलता है और दूसरा ₹1000 इनको राज्य सरकार की तरफ से मिलता है। ₹1000 इनके खाते में ट्रेजरी के माध्यम से आता है और दूसरा इनके खाते में पीएमएफएस के माध्यम से आता है। इनका कहना है कि रसोईया चूंकि कम पढ़ी लिखी है, उनको पता ही नहीं चल पाता है कि उनके खाते में जो पैसा आया वह किस माह का है। इनकी दूसरी मांग है कि रसोइयों के सम्मान की रक्षा के लिए एक नियमावली बनाई जाए।
इन लोगों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी को पत्रक भेजा है और मांग की है कि उनके मांग पत्र पर सहानुभूति पूर्वक सरकार विचार करें अन्यथा की स्थिति में पूरे प्रदेश की रसोइया उत्तर प्रदेश रसोईया कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदर्शन करने का काम करेंगी । जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने वालों को रसोईया संघ की जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा, राम प्रकाश श्रीवास्तव संरक्षक,रंजीत कुमार वर्मा,डॉक्टर तेज बहादुर ठाकुर, मंत्री विमला भारती, संजोग ठाकुर,मंत्री आशा देवी आदि ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि रसोइयों का मानदेय बढ़ाने का काम करें।




