Breaking News

पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर अवैध प्लाट आवंटन केस में गिरफ्तार, ट्रेन से हिरासत में लिए गए, देवरिया कोर्ट मे किये गये पेश

 





बोले अमिताभ ठाकुर,-मेरे साथ की गयी है ज्यादती

मेडिकल कॉलेज मे हुआ मेडिकल 


देवरिया।। दो दशक पुराने औद्योगिक प्लाट आवंटन प्रकरण ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इसी मामले में बुधवार तड़के यूपी पुलिस ने पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। वे लखनऊ से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में सवार थे, लेकिन शाहजहांपुर के पास सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अचानक ट्रेन में प्रवेश किया और उन्हें नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत देवरिया ले जाया गया। मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई के तुरंत बाद अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के X अकाउंट भी निलंबित कर दिए गए।


यह कार्रवाई उस मुकदमे से जुड़ी है, जिसमें आरोप है कि वर्ष 1999 में देवरिया में एसपी रहते हुए अमिताभ ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग कर जिला उद्योग केंद्र का औद्योगिक प्लाट B-2 फर्जी पहचान का सहारा लेकर अपनी पत्नी के नाम आवंटित कराया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वास्तविक नाम और पते की जगह झूठे नाम–पते का इस्तेमाल कर कूट रचित दस्तावेज तैयार किए गए और सरकारी विभागों को गुमराह किया गया। बाद में इसी प्लाट को असली पहचान के आधार पर बेच भी दिया गया, जिससे विभागों, बैंकों और अन्य पक्षों को लंबे समय तक धोखे में रखा गया।



प्रार्थना पत्र के आधार पर तालकटोरा थाने में बीते 12 सितंबर को जालसाजी, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी पश्चिमी ने SIT का गठन किया, जिसने देवरिया और बिहार में दस्तावेजी सत्यापन, गवाहों से पूछताछ और अभिलेखों की समीक्षा की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य सामने आने के बाद पुलिस ने सुबह करीब साढ़े तीन बजे पूर्व आईजी को हिरासत में लिया। 


             पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर मामला

देवरिया में आज पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। कोर्ट पेशी के दौरान परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कोर्ट पहुंचते ही अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उनकी हत्या होने की आशंका है।


गिरफ्तारी के बाद लखनऊ पुलिस उन्हें लेकर सदर कोतवाली देवरिया पहुँची, जहाँ औपचारिकताएँ पूरी की गईं। सूत्रों के अनुसार, कुछ ही देर में SIT द्वारा उन्हें कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। मामला गोरखपुर की एक जमीन से संबंधित बताया जा रहा है, जिसे अमिताभ ठाकुर ने देवरिया में एसपी रहते हुए खरीदा था।


इस बीच, पुलिस टीम ने उन्हें कड़ी सुरक्षा में मेडिकल कॉलेज ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल के बाद अमिताभ ठाकुर ने मीडिया से कहा कि उनके साथ ज्यादती की गई है।