सांसद बलिया के प्रयासों को रेल मंत्री ने की सदन मे सराहना
गोरखपुर 05 दिसम्बर,2025।। बलिया के विकास में माननीय सांसद सनातन पांडेय के प्रयासों की सराहना करते हुए रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बलिया स्टेशन के नवीनीकरण के साथ ही यहाॅ से ट्रेन सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि किया गया है। उन्होंने कहा कि बलिया वास्तव में महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थानों में से एक है और माननीय सांसद बलिया ने आज बलिया के बारे में पूरा विस्तृत विवरण दिया उससे यह पूरा सदन सहमत है। जिस तरह से बलिया का कंट्रीब्यूशन है भारत के इतिहास में योगदान है, उसको निश्चित रूप से सारा देश नमन करता है। उन्होंने कहा कि माननीय सांसद के लगातार फॉलोअप के कारण आज बलिया में 82 ट्रेन सेवायें चल रही है। इसके अलावा बलिया स्टेशन का कंप्लीट नवनिर्माण किया जा रहा है जिसमें बलिया स्टेशन भवन की डिजाइन में स्थानीय संस्कृति एवं ऐतिहासिक धरोहर को समाहित किया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत अगामी 50 वर्षो की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बलिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास रू. 40.47 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत 83 प्रतिशत फिजिकल कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म सं.-02 एवं 03 का उच्चीकरण एवं विस्तार, प्लेटफाॅर्म पर 11230 वर्गमीटर सतह में ग्रेनाइट तथा कोपिंग, 1200 वर्गमीटर में वीसीडी लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है, इसके अन्तर्गत 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। प्रथम प्रवेश द्वार पर 900 वर्ग मीटर में फसाड का कार्य, पोर्च तथा सर्कुलेटिंग एरिया में 1000 मीटर में ड्रेन, 350 मीटर बाउण्ड्री वाॅल, 9500 वर्गमीटर में सड़क, 2900 वर्गमीटर में पार्किंग, 1100 वर्गमीटर में पाथवे का कार्य पूरा कर लिया गया है।
स्टेशन पर वेटिंग हाॅल/रूम, माॅर्डन ट्ॅवायलेट ब्लाॅक, 33 वे के छाजन, साइनेजेज, फसाड लाइटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। 12 मीटर चैड़े फुट ओवर ब्रिज का फाउंडेशन का कार्य पूरा कर लिया गया तथा अन्य कार्य प्रगति पर है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत स्टेशन पर 04 लिफ्ट तथा 04 एस्केलेटर लगाये जाने के अन्तर्गत 03 लिफ्ट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है, 01 लिफ्ट तथा 04 एस्केलेटर लगाये जाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बलिया जनपद के सुरेमनपुर स्टेशन पर उन्नत सुविधायें उपलब्ध कराये जाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।





