17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान :कार्यक्रम से संबंधित अधिकारियों को डीएम ने दिए दिशा निर्देश
बलिया।। जिले में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान को भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने से संबंधित अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार बैठक हुई। उन्होंने समस्त विभागों को इस अभियान के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हेतु निर्देश दिए गए उन्होंने, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग तथा आई०सी०डी०एस० को अभियान के सफल संचालन हेतु समुचित प्रचार प्रसार करने तथा अपने समस्त कार्यालयों में अभियान से सम्बंधित बैनर लगाने के निर्देश दिए। यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित पोषण माह के साथ समन्वय करते हुए आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारम्भ माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा इन्दौर, मध्य प्रदेश से किया जायेगा। इस अभियान के अन्तर्गत प्रदेश में समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं अन्य स्वास्थ्य इकाईयों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिसमें विशेषज्ञ सेवाएं भी शामिल हैं। "स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान" पखवाड़े के दौरान आयोजित की जाने वाली प्रमुख गतिविधियां हैं, महिलाओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच, किशोरियों और महिलाओं के लिए एनीमिया की जांच, परामर्श एवं उपचार, उच्च जोखिम वाली महिलाओं के लिए टी०बी० की जांच, जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल रोग (एस०सी०डी०) की जांच एवं परामर्श आदि शामिल हैं । जिला अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध विशेषज्ञों जैसे स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, ई०एन०टी० विशेषज्ञ, त्वचा विशेषज्ञ, मनोचिकित्सक, दंत चिकित्सक द्वारा रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य इकाईयों पर विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करायी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान में जनपद के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर प्रतिदिन शिविर का आयोजन किया जायेगा। उक्त के अतिरिक्त अभियान में, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य देखभाल, प्रसव पूर्व देखभाल जांच एवं परामर्श के साथ एम.सी.पी. कार्ड का वितरण, बच्चों के लिए टीकाकरण सेवाएं, जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन, किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के सम्बन्ध में जागरूक किया जाएगा। इसके लिए ग्राम स्तर, ब्लाक स्तर/जनपद स्तर पर जागरूकता रैली, स्कूलों में जागरूकता सत्र एवं अन्य गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी । स्वयं सहायता समूह, पीआरआई, वीएचएसएनसी, आदि के माध्यम से दैनिक आहार में खाना पकाने के तेल के उपयोग को 10 प्रतिशत कम करने हेतु महिलाओं/समुदाय को जागरूक किया जाएगा। महिलाओं/समुदाय को पोषण एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के सम्बन्ध में जागरूक करने हेतु परामर्श और Wellness session आयोजित किए जायेंगे । पखवाड़े के दौरान निःक्षय मित्र के पूल का विस्तार किया जायेगा एवं टीबी मुक्त भारत जन आंदोलन का समर्थन करने के लिए निःक्षय मित्र की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही 01 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस है, जिसके अन्तर्गत एक मेगा कैंप आयोजित जिला चिकित्सालय बलिया में किया जाएगा । पखवाड़े के अंतर्गत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक रक्तदान शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय में किया जाएगा । निजी क्षेत्र के चिकित्सालयों और क्लिनिकों को भी इस अभियान के दौरान महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने में सम्मिलित किया जाएगा । समस्त स्वास्थ्य केंद्रों पर अभियान का उद्घाटन क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों के माध्यम से किया जाएगा। अभियान का संचालन स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, आई०सी०डी०एस, नगर विकास विभाग, सूचना विभाग, आदि के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्व राज, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पंचायती राज अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डीपीओ- आईसीडीएस, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं अधीक्षिका तथा समस्त ब्लॉकों के अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारी शामिल रहे।



