डीएम साहब मै जिंदा हूं, तथाकथित रूप से दस्तावेजों मे मृत महिला पहुंची डीएम के जनता दर्शन, डीएम ने दिया जांच का आदेश
तहसीलों मे फर्जीवाड़े के खेल की शिकार हुई है महिला
श्रीमती शारदा देवी के बड़े पिताजी के पुत्रों ने अपना नाम दर्ज कराया है राजस्व अभिलेखों में
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी,बैरिया को जांच अधिकारी नामित कर 03 दिवस में आख्या उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
बलिया।। जिलाधिकारी परिसर मे उस समय सनसनी फैल गयी जब शारदा देवी नामक महिला हाथों मे मै जिंदा हूं, का पोस्टर लेकर जिलाधिकारी के जनता दर्शन दरबार मे पहुंच गयी। वास्तव मे यह सरकारी दस्तावेजों मे भ्रष्टाचार का जीता जागता उदाहरण है। प्रदेश की तहसीलों मे कैसे भ्रष्टाचार होता, कैसे जीवित को मृत घोषित कर दिया जाता है, यह एक बानगी है।बचपन मे एक कहावत सुनी थी कि लेखपाल के द्वारा राजस्व अभिलेखों मे दर्ज नाम को राजयपाल ही काट सकते है। इस गड़बड़ झाले के जनक लेखपाल व कानूनगो पर क्या कार्यवाही होती है, यह देखने वाली बात है।
क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट पर इसके ऊपर के अधिकारी कैसे आंख मूंद कर विश्वास करते है, यह सजीव उदाहरण है। सूच्य हो कि आजमगढ़ मे लाल बिहारी को 1976 मे सरकारी दस्तावेजों मे मृत दर्शाये गये थे। लाल बिहारी को अपने आपको जीवित साबित करने मे 18 साल लग गये थे। लेकिन बलिया की शारदा सिंह की किस्मत अच्छी निकली कि इनको मंगला प्रसाद सिंह जैसे जिलाधिकारी मिल गये, जो तीन दिन मे ही इस मामले का निस्तारण करने की कोशिश तो शुरू कर दिये।
जिलाधिकारी के जनता दर्शन में श्रीमती शारदा देवी पत्नी श्री प्रेमनाथ सिंह, निवासी -बसंतपुर, तहसील बैरिया ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि मैं प्रत्यक्ष जिंदा हूं, परंतु राजस्व अभिलेखों में मुझे मृतक दिखाकर बड़े पिताजी के पुत्रों ने वसीयत को बदलवाकर, राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
श्रीमती शारदा देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि वे अपने पिता स्वर्गीय राजा राम सिंह की एक मात्र संतान है। पिताजी की मृत्यु के बाद उनका नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज हुआ था, किंतु वर्ष 2023 में, उनको मृतक दिखाकर, उनके बड़े पिताजी के पुत्रों ने अपना नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा लिया है।
जिलाधिकारी ने यह प्रकरण जीवित को मृतक दिखाकर वरासत कराए जाने का पाए जाने पर उप जिलाधिकारी बैरिया को जांच अधिकारी नामित कर आगामी 03 दिवस में विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।