Breaking News

हल्की बरसात मे 100 फिट सड़क गड्ढे मे हुई तब्दील, राहगीरों की फ़जीहत, जिम्मेदारों कों नहीं है खबर

 





संतोष कुमार द्विवेदी 

नगरा, बलिया।। क्षेत्र के डिहवा चट्टी से दादा की चट्टी सलेमपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति बद से बदतर हो गई है। गड्ढों में तब्दील सड़क की हालत हल्की बारिश में खतरनाक हो गई है। मार्ग के बीच जलजमाव की समस्या न सिर्फ आवागमन को कष्टदायक बनाए हुए है, बल्कि दुर्घटना को भी दावत दे रही है।



             डिहवा चट्टी से दादा की चट्टी सलेमपुर को जोड़ने वाले इस संपर्क मार्ग पर दो दर्जन से अधिक गांवो के लोगो एवं स्कूली बच्चों का आना जाना लगा रहता है। दिन तो दिन रात के समय में भी लोग अपनी सुविधानुसार इस मार्ग का उपयोग करते हैं। इस मार्ग का निमार्ण लगभग पांच वर्ष पहले किया गया है। सड़क के निर्माण के कुछ दिनो बाद ही हुई बारिश में डिहवा चट्टी से कुछ दूरी पर सड़क पर लगभग सौ फीट तक गड्ढा बन गया। संपर्क मार्ग की यह जर्जर अवस्था राहगीरों के लिए परेशानी की वजह बनी हुई है। बरसात के मौसम में इसकी स्थिति पूरी तरह से खतरनाक हो जाती है। चार पांच दिन पूर्व रात में हुई हल्की बारिश में यहां तालाब जैसा नजारा दिखाई देने लगा है, जो अभी तक है। 

ग्रामीण यदुनंदन गुप्ता, सुमित यादव, कलीम अंसारी सरल प्रसाद गुप्ता ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन दो सौ से अधिक दोपहिया चार पहिया वाहन गुजरते हैं, काफ़ी संख्या में राहगीर व स्कूली छात्र छात्राएं सायकिल से अपने गंतव्य तक आते जाते है। उन्हे इस पानी भरे गड्ढे में आने जानें में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। वही छात्र नेता अश्विनी कुमार वर्मा, ओम प्रकाश गुप्ता, राम नगीना यादव, मुस्ताक अहमद, सुदीप तिवारी, राहुल शर्मा आदि ने संबंधित महकमा सहित जिले के आला अफसरों का ध्यान इस तरफ आकर्षित किए हैं।