Breaking News

देशवासियों से पीएम मोदी की अपील :22 जनवरी को घर पर जलाएं दीप,6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी





मुझे खुशी है कि एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा है- पीएम मोदी

अयोध्या।।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 30 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने इस दौरान 16 हजार करोड़ की सौगात अयोध्या को दी।यहां उन्होंने 8 किमी लंबा रोड शो किया। लोगों ने उन पर फूल बरसाए। 


इसके बाद मोदी ने अयोध्या स्टेशन का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने 6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। मोदी एक दलित धनीराम मांझी के घर भी पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 30 दिसंबर को अयोध्या पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण बहुत भाग्य से हमारे जीवन में आया है। मैं भारत के 140 करोड़ देशवासियों से हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं... जब 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम विराजमान हों, तब राम ज्योति जलाएं। दीपावली मनाएं।





मोदी बोले- यहां हर तरह का काम करने वाले छोटे-मोटे दुकानदार भाइयों की आय बढ़ेगी। वंदे भारत, नमो भारत के बाद एक और आधुनिक ट्रेन देश को मिली है। इसका नाम अमृत भारत रखा है। ये तीनों ट्रेनों की त्रिशक्ति भारतीय रेलवे का कायाकल्प करने जा रही है। इससे ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती है कि ये पहली अमृत भारत अयोध्या से गुजर रही है। ये रामलला के दर्शन को ओर सुगम बनाएगी।

मुझे खुशी है कि एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा है। उन्होंने हमें रामायण के जरिए राम से परिचित करवाया। उनके लिए राम ने कहा था- तुम त्रिकाल दर्शी मुनिनाथा, बिस्व बदर जिमि तुम्हरे हाथा। ऐसे महर्षि के नाम एयरपोर्ट पर आने वाले हर यात्री को धन्य करेगा। रामायण वो ज्ञान मार्ग है, जो हमें प्रभु श्रीराम से जोड़ती है। यह एयरपोर्ट दुनिया को दिव्य भव्य-नव्य राममंदिर से जोड़ेगा।

मोदी ने कहा- आज के भारत का मिजाज अयोध्या में स्पष्ट दिखता है। आज यहां प्रगति का उत्साह है, कुछ दिन बाद परंपरा का उत्सव होगा। विरासत की भव्यता और दिव्यता दिखने वाली है। यही तो भारत है। विकास और विरासत की साझा ताकत भारत को सबसे आगे ले जाएगी।प्रधानमंत्री मोदी ने 15 हजार 700 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

पीएम मोदी बोले- पूरी दुनिया 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। मैं भी उतना ही उत्सुक हूं। भारत की मिट्टी के कण और जन-जन का मैं पुजारी हूं।

30 दिसंबर की ये तारीख ऐतिहासिक रही है। आज ही के दिन 1943 में नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में झंडा फहराकर भारत की आजादी का जयघोष किया था। ऐसे पावन दिन पर आज हम आजादी के अमृतकाल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

मोदी बोले- अयोध्या को स्मार्ट बना रहे हैं। आज यहां सड़कों का चोड़ीकरण, फुटपाथ, फ्लाईओवर बन रहे हैं। इसे आसपास के जिलों से जोड़ने यातायात के साधनों को सुधारा जा रहा है।

मोदी बोले- मुझे यहां एक और सौभाग्य मिला है, मुझे खुशी है कि उज्ज्वला योजना की 10 करोड़वीं लाभार्थी के घर चाय पीने का मौका मिला।

मोदी तीसरी बार राम नगरी आए हैं। पहली बार वह 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर भूमि पूजन में शामिल हुए थे। इसके बाद 23 अक्टूबर, 2022 को दीपोत्सव में हिस्सा लिया था।