Breaking News

चंदौली में बनी पाइप स्लोटिंग मशीन को जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने हरी झंडी दिखाकर किया अमेरिका के लिये रवाना



रामनगर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण,जिला प्रशासन उद्यमियों की हर संभव मदद का दिया आश्वासन 


चंदौली।। जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज 1 में प्रकाश आयरन वर्क्स द्वारा निर्मित और अमेरिका को भेजी जाने वाली पाइप स्लोटिंग मशीन को हरी झण्डी दिखा कर  रवाना किया।जिलाधिकारी ने मशीन बनाने वाले प्रकाश जायसवाल से मशीन के बारे में जानकारी ली और उन्हे अन्य देशों में मशीनों को निर्यात करने हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि इसके लिए किसी भी तरह की मदद जिला प्रशासन से चाहिए तो जिला प्रशासन उद्यमियों की हर संभव मदद के लिए सदैव तत्पर है।





रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के लिये ये गर्व की बात है कि यहाँ की मशीनें अमेरिका तक जा रही है। उन्होंने कहा कि इस समय निर्यात की प्रबल संभावनाएं बढ़ गई हैं क्योंकि अब भारत की बनी वस्तुओं की माँग समस्त विश्व में बढ़ती जा रही है।

पकड़ी गयी गाड़ियां जाम लगने का कारण, जिलाधिकारी ने अन्यत्र हटाने का दिया आदेश 

निरीक्षण के क्रम में देव भट्टाचार्य ने जिलाधिकारी को  फेज-1 और फेज-2 का भ्रमण कराया और पुलिस चौकी के सामने पुलिस द्वारा पकड़ी गयी सैकड़ो गाड़ियों को दिखाते हुए बताया कि इन गाड़ियों के इस तरह सड़क पर रहने से जाम की स्थिति बनी रहती है व असामाजिक तत्वों का आवागमन बना रहता है।इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस द्वारा पकडी गई  गाड़ियों को अन्य स्थान पर हटवाने का निर्देश दिया।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र के गड्ढो को यूपीसीडा द्वारा मिट्टी भरवाने का आश्वासन भी दिया।



निरीक्षण के दौरान चंद्रेस्वर जायसवाल, सतीश गुप्ता, श्याम केजरीवाल,अशोक सुलतानिया, जितेन्द्र जैन, अबरार अहमद, अरविंद सिंह,राकेश जायसवाल, सिद्धांत बाजला, राजदीप थापर, परेश सिंह,राकेश अग्रवाल,अजय राय आदि उद्यमी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





     मशीन को मिल रहा है कई देशों से आर्डर 

 पाइप स्लोटिंग मशीन के प्रोपराइटर प्रकाश जायसवाल बताते है कि यह पाइप में सुराख करने की अत्याधुनिक मशीन है।  इसकी विभिन्न देशों में मांग है। अमेरिका का आर्डर बहुत पहले एक बार मिला था। अब बहुत दिनों बाद वहां से आर्डर मिला है, जिससे बहुत खुशी हुई। यह मशीन 25 फुट लम्बी और 10 टन वजनी है। इसको आज चंदौली से मुंबई बंदरगाह तक भेजा गया है। वहां से यह पानी के जहाज से समुद्री मार्ग से अमेरिका पहुंचेगी। श्री जायसवाल ने कहा कि चंदौली जैसे छोटे जनपद और यही के कारीगरों द्वारा तैयार मशीन की अमेरिका और अन्य देशों से हो रही मांग, यह साबित कर रही है कि अब भारतीय कारीगरों का दुनिया लोहा मानने लगी है।