Breaking News

संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का सांसद व मंत्री दोनों ने संयुक्त रूप से किया शुभारम्भ





बलिया।। संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की उपस्थिति में दिखाया गया।



सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि पूरे प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण और स्कूल चलो अभियान का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य देश की विकास की धूरी है। जिस समाज की कल्पना प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी जी कर रहे हैं, वह शिक्षा और स्वास्थ्य से ही संभव है। शिक्षा और स्वास्थ्य देश को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करते हैं। इस अभियान को शासन, प्रशासन और समाज मिलकर सफल बना सकते हैं।








परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी जब  गोरखपुर के सांसद थे तब गोरखपुर में संचारी रोगों का प्रकोप फैला रहता था। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने संचारी रोगों की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया। आज उसका सुखद परिणाम भी देखने को मिला है। स्कूल चलो अभियान से हर बच्चे को स्कूल जाने का अवसर मिले, सरकार की ऐसी व्यवस्था है। जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कहा कि यह दोनों ही अभियान बहुत ही महत्वपूर्ण है।



कार्यक्रम के उपरांत  सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चले अभियान की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में प्रचार वाहन संचारी रोगों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। 

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जयंत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश कुमार सिंह,बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीराम सिंह, डीपीएम डॉ आरबी यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह भी उपस्थित थे।