Breaking News

सड़क गड्ढे में तब्दील,बरसात में चलना हुआ मुश्किल,सीएम योगी से पत्र भेजकर लगायी गयी गुहार





बृजेश सिंह

भीमपुरा बलिया ।। क्षेत्र का सिकन्दरापुर पूरा मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। आहिरौली गांव के बनिया बस्ती, ब्राह्मण टोला, आरिपुर शिवाला की सड़क गढ्ढे में तब्दील हो गयी है। सड़क के गढ्ढे में नालियों तथा बरसात के गंदे पानी से सड़क पर जल जमाव रहता है जिसके कारण वहाँ के ग्रामीणों को आने जाने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा दर्जनों बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि का ध्यान आकृष्ट कराने के बाद भी उनके कान पर जूं नही रेंग रहा है। जिसको लेकर गांव की पूर्व उप सरपंच बुचिया देवी ने मुख्यमंत्री सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को पत्र भेजकर उक्त सड़क को शीघ्र बनवाने की मांग किया है। 

    पूर्व उप सरपंच ने भेजे गए पत्र में उल्लेख किया है कि ग्रामीणों के अलावे यह सड़क नगरा  भीमपुरा मुख्य मार्ग पर गांवों से जोड़ती है। जिससे हर रोज सैकड़ो वाहन तथा पैदल लोग आते जाते है। सड़क पर गन्दगी और जल जमाव के चलते आने जाने वालों लोगो को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ जलजमाव से मच्छरो का प्रकोप बढ़ जाने से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बढ़ गयी है। सड़क की बदहाली को लेकर जनसमस्याओं को देखते हुए बुचिया देवी ने  पत्र भेजकर इस सड़क को शीघ्र बनवाने की मांग किया है ।