Breaking News

गृह कलह से त्रस्त महिला ने तीन वर्षीय बच्ची संग जनेश्वर मिश्र पुल से गंगा में लगायी छलांग,पुलिस व मल्लाहों ने दोनों को बचाया

 



रमेश चंद गुप्ता

दुबहड़ बलिया ।। स्थानीय थाना क्षेत्र अन्तर्गत जनेश्वर मिश्रा सेतु से रविवार को एक 25 वर्षीय महिला अपने तीन वर्षीय पुत्री के साथ गंगा नदी में छलांग लगा दी। शोर सुनकर  आसपास के लोगों व पुल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मल्लाहो की सहायता से गंगा नदी में डूब रही महिला व उसकी पुत्री को बाहर निकाला। पुलिस द्वारा महिला व उसकी तीन वर्षीय पुत्री को दुबहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक इलाज कराने के बाद थाने ले आई। 

जानकारी के अनुसार सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक की बेबी शर्मा पत्नी परमात्मा शर्मा घर के विवाद के कारण अपने तीन वर्षीय पुत्री को लेकर सहतवार से जनेश्वर मिश्रा सेतु पुल पर आई तथा गंगा नदी में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख आसपास के लोगों व पुल पर  ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों द्वारा तत्परता दिखाते हुए नदी से निकाला गया। दोनों का प्राथमिक उपचार कराकर पुलिस थाने ले आई तथा उसके परिजनों को सूचना दी गई। घटना की सूचना पाकर तत्काल घटनास्थल पर दुबहर थानाध्यक्ष अनिल चंद तिवारी मयफोर्स पहुंचे। मौके पर लवकेश पाठक, चंद्रभान यादव, अजय कन्नौजिया, वीरेंद्र कुमार द्विवेदी, महिला आरक्षी विजयलक्ष्मी, हेड कांस्टेबल राम सागर, आरक्षी कौशल, सुनील आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।