Breaking News

गोरखपुर : बॉल ढ़ूंढने के लिए बाउंड्री पर चढ़ा युवक, उद्योगपति के गनर ने मार दी गोली


बॉल ढ़ूंढने के लिए बाउंड्री पर चढ़ा युवक, उद्योगपति के गनर ने मार दी गोली
ए कुमार

  गोरखपुर 23 जुलाई 2019 ।। एक उद्योगपति के घर की चहारदीवारी पर चढ़कर खड़ा होना युवक के लिए इतना बड़ा अपराध बन गया कि उद्योगपति के गनर ने उसे गोली मार दी। युवक गेंद ढूंढने के इरादे से चहारदीवारी पर चढ़ा था। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरखनाथ थाना क्षेत्र में रहने वाले पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के बड़े उद्योगपति चन्‍द्रप्रकाश अग्रवाल के घर के सरवेंट क्‍वार्टर के सामने बनी चहारदीवारी के बाहर कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद चहारदीवारी के अंदर चली गई। गेंद ढूंढते-ढूंढते क्रिकेट खेल रहे युवकों में से एक 18 साल का अरविंद कुमार उद्योगपति के घर की चहारदीवारी के पास पहुंच गया। वह चहारदीवारी पर चढ़कर अंदर देख ही रहा था कि वहां खड़े उद्योगपति के पर्सनल बॉडीगार्ड संदीप कुमार सिंह ने अपनी दोनाली बंदूक से उसे गोली मार दी। गोली लगते ही अरविंद नीचे गिर गया। उसे आनन फानन में गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां से डॉक्‍टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। अरविंद की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अरविंद के बारे में बताया जाता है कि वह 12 वीं पास करने के बाद सब्‍जी की दुकान चलाता था। घर के भरण पोषण की जिम्‍मेदारी का काफी हद तक उस पर थी।