Breaking News

देवरिया में सरेआम युवक की पीट पीटकर हत्या



देवरिया में सरेआम युवक की पीट पीटकर हत्या
कुलदीपक पाठक

देवरिया 10 मई 2019 ।। कोतवाली थाना क्षेत्र में आज किशोर की हाकी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। दिन-दहाड़े हुए इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दो सिपाहियों से आक्रोशित लोगों ने दुव्यर्वहार किया और रोडवेज के समीप शव रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने डेढ़ घंटे के मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लिया। इस मामले में एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फुलवरिया करन निवासी 17 वर्षीय आकाश पुत्र छोटेलाल अपने गांव के दोस्त संदीप, राकेश के साथ बाइक से शहर के हनुमान मंदिर के समीप कोचिंग करने के लिए गया था। कोचिंग के बाद वह तीनों एक ही साथ गांव के लिए जा रहे थे, अभी वह इजरही के समीप पहुंचे थे कि एक दर्जन की संख्या में युवकों ने इन्हें घेर लिया और इनकी पिटाई शुरू कर दी। आकाश के सिर पर हाकी से प्रहार होने के चलते वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। आकाश को सड़क पर तड़पता देख आरोपित युवक वहां से फरार हो गए। संदीप व राकेश ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस विलंब से पहुंची। आकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस बाबत सीओ ने कहा कि युवकों के दो गुटों में चल रहे विवाद में ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।