Breaking News

लखनऊ : इंसाफ की गुहार लगाने राजनाथ सिंह के दर पर पहुंची मृतक पुजारी की पत्नी

इंसाफ की गुहार लगाने राजनाथ सिंह के दर पर पहुंची  मृतक पुजारी की पत्नी
ए कुमार

लखनऊ 5 अप्रैल 2019 ।। बीते दो दिनों पहले चिनहट थाना क्षेत्र के सरायशेख स्थित नंदपुर गावं में बदमाशों ने जमीनी विवाद के चलते पुजारी दिनेशानंद सरस्वती को मौत के घाट उतार दिया था। इस हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी थी। हत्या के बाद से अब तक नाराज शिष्य और परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं गुरु दिनेशानंद की पत्नी अभी भी अपने पति की मौत के सदमे से उभर नहीं पा रही है और बिलख-बिलख कर न्याय की गुहार लगा रही हैं ।

पुजारी दिनेशानंद सरस्वती की हुई हत्या के लिए न्याय की गुहार लगाने के लिए मृतक की पत्नी आज निराला नगर स्थित माधव सभागार में "कॉफी विद होम मिनिस्टर" के आयोजन में पहुंची। इस आयोजन में पीड़िता ने राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अपने पति के कातिलों को सजा दिलाने के लिए इंसाफ की गुहार लगाई। बदहवास पीड़िता ने कहा कि अगर इंसाफ नहीं देना है तो उन्हें भी गोली मार दी जाए। इस बात पर राजनाथ ने पीड़िता को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे पति की हत्या पुलिस की जानकारी में हुई है और पुलिस अभी तक इस मामले में हाथ पर हाथ धरे हुए बैठी है। बता दें कि पीड़िता की मुलाकात के समय आयोजन में  कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक,स्वास्थ मंत्री आशुतोष टंडन, महापौर संयुक्त भाटिया भी मौजूद थीं।