Breaking News

बलिया : विकास भवन में अधिकारियों ने देखा वन डिस्ट्रिक्ट वन उत्पाद समिति का सीधा प्रसारण





- जिलाधिकारी ने 10 लाभार्थियों को दिए ऋण स्वीकृति पत्र

बलिया: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'वन डिस्ट्रिक्ट -वन प्रोडक्ट  समिट' कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारोत ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत पत्र वितरित किए। उद्योग केंद्र के उपायुक्त शिवलाल ने बताया कि इसके अतिरिक्त मनियर के छह लाभार्थियों को बिंदी उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी ने जिला खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से संचालित की जा रही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत दो व मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत तीन लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत पत्र दिए ।

लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 4095 लोगों के जीवन को बदलने के लिए 1006.94 करोड़ रुपए का ऋण व टूलकिट का वितरण किया गया। इसमें भी मनियर की बिंदी उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए यहां के भी छोटे कारीगर शामिल थे। 

मिल रहा बढ़ावा ताकि छोटे उत्पाद वाले बने सकें बड़े उद्यमी

जिलाधिकारी भवानी सिंह ने कहा कि छोटे उत्पाद वाले लोगों कों बड़े स्तर तक ले जाने के उद्देश्य से इस समिट का आयोजन हुआ है। जिन लाभार्थियों का ऋण स्वीकृत किया गया है, वे अपने रोजगार का संचालन पूरी निष्ठा व इमानदारी के साथ करें। इससे उनका आर्थिक उत्थान होगा और स्वावलंबी होंगे। यही लोग अन्य लोगों के लिए रोल मॉडल बनेंगे।
कहा जाता है कि बलिया में कभी मनियर की बिंदी प्रसिद्ध हुआ करती थी। आज उसको बड़ा रूप देने के लिए प्रयास किया जा रहा है। छह लोगों को पांच-पांच लाख का ऋण उपलब्ध कराया गया है। सरकार ने आसानी से यह ऋण दिया, ताकि उस छोटे उत्पाद को बढ़ावा मिल सके। उन छोटे कारीगरों की जिंदगी संवरे और भविष्य मेरे बड़े उद्यमी बन सके। 

इन धंधो के लिए मिला ऋण

मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत बलराम गिरी को 5 लाख 70 हजार का ऋण तेल कारखाना के लिए जबकि अंजना मिश्रा को भी इतनी ही धनराशि का ऋण आटा मिल लगाने के लिए दिया गया है। पूनम सिंह को 4 लाख 75 हजार का ऋण रेडीमेड कपड़ों के लिए दी गई है। प्रधानमंत्री रोजगार सर्जन योजना के तहत विपुल पांडेय को 6 लाख 30 हजार आटा मिल के लिए, अनुराग पांडेय को कैरी बैग निर्माण के लिए 9 लाख रुपए की  ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र जिलाधिकारी ने वितरित की। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग केंद्र शिवलाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी शिव कुमार सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।