Breaking News

जिलाधिकारी ने बैरिया के विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश








बलिया।। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत विशेष अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बैरिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विकास खंड बैरिया, कंपोजिट उच्च माध्यमिक विद्यालय बैरिया, बाबा लक्ष्मण दास राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बैरिया तथा तहसील बैरिया स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने फार्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन और निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही सभी आवेदनों का समयबद्ध ढंग से डिजिटाइजेशन एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 उन्होंने कहा कि नए युवा मतदाताओं के साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उनका नाम प्राथमिकता के आधार पर सूची में जोड़ा जाए। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने 22 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस पर भी सभी बीएलओ को अपने- अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अभियान में लापरवाही न बरतने तथा निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।