सेवा संकल्प अभियान : स्वच्छता एवं नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प
*राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
युवाओं से स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
बलिया, 19 सितंबर 2026।।मेरा युवा भारत, जनपद बलिया द्वारा जिला गंगा समिति, बलिया के सहयोग से माल्देपुर स्थित नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान तथा स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र त्रिपाठी, नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी शलभ उपाध्याय, नवीन कुमार सिंह सहित 400 से अधिक विद्यार्थी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय सांसद नीरज शेखर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने साथियों एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में व्यसनमुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 18 सितंबर 2026 को विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें 60 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विजेताओं रजत कुमार यादव, आराध्या सिंह, अपर्णा प्रजापति, अनूज कुमार एवं रचित को 19 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री नीरज शेखर द्वारा प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा द्वारा अतिथियों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वच्छता एवं नशामुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान से जोड़ते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा जनपद में विभिन्न जनजागरूकता एवं जनभागीदारी से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री नितेश पाठक द्वारा किया गया।











