Breaking News

कॉस्मेटिक दुकान में तोड़फोड़ का आरोप, महिला ने पांच लोगों पर मारपीट व धमकी देने की दी तहरीर

 




बिल्थरारोड, बलिया।। उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम बिठूआ निवासी ज्योति सिंह ने पांच लोगों पर अपनी बीबीडी स्मार्ट बाजार के ऊपरी तल पर स्थित कॉस्मेटिक दुकान में तोड़फोड़, मारपीट, बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोमवार को उभांव थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।तहरीर के अनुसार ज्योति सिंह के पति अभिषेक मद्धेशिया नगर के बीबीड़ी मार्केट में कॉस्मेटिक की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि रविवार के पूर्वाहन 11 बजे प्रवीण कुमार गुप्ता ने दुकान का सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और दुकान में ताला लगा दिया। इसके बाद प्रवीण कुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार गुप्ता, आशीष जायसवाल, राहुल  और राकेश उर्फ राजू दुकान पर पहुंचे और कथित रूप से मारपीट व बदसलूकी करने लगे।पीड़िता का आरोप है कि आरोपित उसे और उसके पति को जबरन अपने कार्यालय में ले गए तथा दरवाजा बंद कर दिया। इस दौरान उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। 



महिला ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति के साथ मारपीट की गई तथा दोनों को कई घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया।पीड़िता के अनुसार आरोपितों ने मोबाइल से वीडियो बनाने और समझौता पत्र लिखने की शर्त रखी तथा ऐसा नहीं करने पर छोड़ने से इनकार किया।  महिला और उसके पति का आरोप है कि समझौता लिखकर हस्ताक्षर कराने के बाद छोड़ा गया। महिला ने बताया कि घटना में उसे और उसके पति को चोटें भी आई हैं। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।