रसड़ा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 687 अभ्यर्थियों को मिला जाॅब आफर
बलिया।। सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को आशीर्वाद धर्मशाला, श्रीनाथ जी मठ, रसड़ा, बलिया में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न निजी क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों में जैसे -अतुल आटो मोबाइल, फ्लिपकार्ट, टाटा मोटर्स, L&T, केल्विन पाईप, विशाल बियरिंग, एम आर एफ टायर्स, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रीक आदि 30 कंपनियों ने प्रतिभाग कर जनपद के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। वृहद रोजगार मेले में लगभग 1832 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों के शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की गई, इस मेले में सभी कंपनियों ने कुल 687 अभ्यर्थियों को जाब ऑफर लेटर प्रदान किए हैं। रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरि एवं विशिष्ट अतिथि श्री वशिष्ठ नारायण सोनी, पूर्व अध्यक्ष, आदर्श नगरपालिका परिषद, रसड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने, कौशल विकास के माध्यम से अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुचारु क्रियान्वयन में उपजिलाधिकारी महोदय रसड़ा श्री रनवीर सिंह, खंड विकास अधिकारी श्री शिवांकित वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रसड़ा श्री सुरेश मौर्या, जिला सेवायोजन अधिकारी श्री विवेकानन्द सिंह, सहायक सेवायोजन अधिकारी श्री विकास कुमार तथा सेवायोजन कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहें।













