कर्मचारी संगठनों ने सीडीओ को सौंपा गया पत्रक, एफआईआर मे नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर 22 सितंबर से दी कलमबंद हड़ताल की चेतावनी
बलिया। विकास खंड बेरूआरबारी में कार्यरत सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री उमेश कुमार सिंह के साथ कार्यालय कक्ष में घुसकर की गई अभद्रता, तोड़फोड़ व दुर्व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जनपद स्तरीय पदाधिकारियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) महोदय, बलिया को एक पत्रक सौंपा गया।
सौंपे गए पत्रक के माध्यम से अवगत कराया गया कि विगत 07 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत सुखपुरा निवासी सिटू यादव (पुत्र श्री राजनारायण यादव) ने 10-15 बाहरी व्यक्तियों के साथ अनाधिकृत रूप से कार्यालय में प्रवेश कर गाली-गलौज, अभद्रता व दुर्व्यवहार किया। इस दौरान शासकीय फाइलों एवं राजकीय उपकरणों को तोड़ा व क्षतिग्रस्त किया गया तथा शासकीय कार्य में गंभीर व्यवधान उत्पन्न किया गया। उक्त घटना का वीडियो बनाकर असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया।
पीड़ित अधिकारी द्वारा 08 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी बेरूआरबारी में प्रार्थना पत्र देने के पश्चात 09 सितंबर 2026 को थाना सुखपुरा में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई। अत्यंत खेद का विषय है कि प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत भी पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी के विरुद्ध कोई संतोषजनक व ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत, आरोपी द्वारा दिनांक 15 सितंबर 2026 को सार्वजनिक स्थल पर पुनः खुलेआम अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर विभागीय एवं व्यक्तिगत सम्मान को गंभीर ठेस पहुंचाई गई। यह कृत्य सीधे तौर पर जनपद में विधि के शासन और प्रशासनिक मर्यादा पर खुली चुनौती है।
विगत 16 सितंबर 2026 को विकास खंड मुख्यालय पर आयोजित समस्त कर्मचारियों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा दिनांक 21 सितंबर 2026 तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो दिनांक 22 सितंबर 2026 से विकास खंड बेरूआरबारी के समस्त कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन कलमबंद धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
मुख्य विकास अधिकारी को पत्रक सौंपते समय ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ, सफाई कर्मचारी संघ तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संघ के जनपद स्तरीय पदाधिकारी व प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी संगठनों ने संयुक्त रूप से घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी महोदय से तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने एवं आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की।









