Breaking News

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी 150 लोगों की फरियाद, बोले- हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है सरकार

 







गोरखपुर।। गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इलाज, आर्थिक सहायता, पेंशन समेत विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी जरूरतमंद को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और पात्र लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।


महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी फरियाद सुनी। लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे। योगी आदित्यनाथ ने प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप किया जाना चाहिए।


जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने ऐसे लोगों को आश्वस्त किया कि उपचार में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति आयुष्मान कार्ड से वंचित है, उसका जल्द से जल्द कार्ड बनवाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर विवेकाधीन कोष से भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


देवरिया से पहुंचे एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से अपने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को जानकारी हुई कि उसका आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बना है। इस पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि इलाज की सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग से उसकी पेंशन के बारे में भी जानकारी ली। पेंशन पहले मिलने लेकिन वर्तमान में बंद होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को पेंशन बहाल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।


मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।


जनता दर्शन के बाद गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रूप से आगे बढ़ी। प्रातःकाल उन्होंने गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर उन्होंने गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को गुड़ खिलाया और कुछ समय उनके बीच बिताया।


गोशाला में मुख्यमंत्री ने वहां कार्यरत कर्मचारियों से गोवंश के स्वास्थ्य, खान-पान और टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने गोवंश की नियमित देखभाल और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। जनता दर्शन में आम लोगों की समस्याएं सुनने से लेकर गोशाला में गोसेवा तक मुख्यमंत्री का गोरखपुर प्रवास जनसरोकार और मंदिर की पारंपरिक दिनचर्या के साथ आगे बढ़ा।