जनपद स्तरीय खरीफ कृषक गोष्ठी का आयोजन, मक्का की उन्नत खेती पर हुआ मंथन
बलिया।। कृषि विभाग, जनपद बलिया की ओर से शनिवार, 22 अगस्त 2026 को कृषि भवन, बलिया के प्रांगण में त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत जनपद स्तरीय कृषक खरीफ गोष्ठी तथा कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में जनपद के किसानों को मक्का की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों के साथ मानव आहार और पशु आहार के रूप में मक्का की उपयोगिता एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवहन राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि श्री धर्मेन्द्र सिंह ने की।
अपने संबोधन में श्री धर्मेन्द्र सिंह ने किसानों से खेती में रासायनिक पदार्थों का कम से कम उपयोग करने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को टिकाऊ और लाभकारी कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव, बलिया के वैज्ञानिकों ने किसानों को मक्का एवं श्रीअन्न के साथ खरीफ मौसम में बोई जाने वाली विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक खेती के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बीज वितरण पर मिलने वाले अनुदान, फसल सुरक्षा तथा कृषि रसायनों के समुचित एवं संतुलित प्रयोग के संबंध में किसानों को जानकारी दी। उप कृषि निदेशक श्री मनीष कुमार सिंह ने जनपद में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को मिलने वाली अनुदानित धनराशि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री संतोष कुमार पाण्डेय सहित श्री अखिलेश सिंह, श्री योगेश कुमार सिंह, श्री दिलीप शर्मा, श्री सुरजीत सिंह परमार आदि उपस्थित रहे। गोष्ठी के माध्यम से किसानों को खरीफ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, वैज्ञानिक खेती अपनाने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।







