Breaking News

सम्पूर्ण समाधान दिवस: 90 शिकायतें पहुंचीं, 08 का तत्काल समाधान

 







भूमि विवादों की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, पुलिस-राजस्व टीम करेगी मौके पर जांच


बलिया।। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राशन कार्ड, नालों की मरम्मत, वरासत-बैनामा समेत बड़ी संख्या में भूमि विवाद से जुड़े मामले सामने आए। कई फरियादियों ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। तालाब, आबादी की जमीन तथा अन्य सार्वजनिक भूमि पर कब्जे से संबंधित शिकायतों को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध कब्जों के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में मौके पर जांच की आवश्यकता है, वहां नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल एवं पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करें और नियमानुसार फरियादी को न्याय दिलाएं। 


इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 90 आवेदन आए जिसमें 08 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी आज ही मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें तथा निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय, एसडीएम सदर, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।