Breaking News

गोरखनाथ मंदिर में 16 से प्रदेश स्तरीय कुश्ती दंगल, तीन खिताबों के लिए भिड़ेंगे पहलवान

 





उत्तर प्रदेश केसरी, कुमार और वीर अभिमन्यु के विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार और गदा, 17 अगस्त को फाइनल

गोरखपुर।। नागपंचमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में 16 और 17 अगस्त को प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रदेश शासन के खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेशभर के पहलवान उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और वीर अभिमन्यु के खिताब के लिए दांव-पेंच आजमाएंगे। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।


प्रतियोगिता में करीब 325 पहलवानों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों, मंडलों, स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल छात्रावासों के पहलवान हिस्सा लेंगे। मुकाबले तीन वजन वर्गों में होंगे। 80 किलोग्राम से अधिक वजन वर्ग में उत्तर प्रदेश केसरी, 66 से 80 किलोग्राम वर्ग में उत्तर प्रदेश कुमार और 55 से 65 किलोग्राम वर्ग में वीर अभिमन्यु खिताब के लिए मुकाबले होंगे।


उत्तर प्रदेश केसरी के विजेता को 1.01 लाख रुपये नकद और गदा प्रदान की जाएगी। उपविजेता को 51 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले दो पहलवानों को 21-21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश कुमार के विजेता को एक लाख रुपये, गदा और प्रमाणपत्र मिलेगा। उपविजेता को 51 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान के दो पहलवानों को 21-21 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं वीर अभिमन्यु खिताब के विजेता को 51 हजार रुपये और गदा, उपविजेता को 25 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान के दो पहलवानों को 11-11 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।




प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे होगा। पहले दिन विभिन्न वजन वर्गों के मुकाबले कराए जाएंगे। 17 अगस्त को फाइनल मुकाबले होंगे और इसके बाद दोपहर तीन बजे समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विजेता पहलवानों का उत्साहवर्धन कर सकते हैं।


जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह के अनुसार, नागपंचमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में कुश्ती की परंपरा पुरानी है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रतियोगिता को प्रदेश स्तरीय स्वरूप दिया गया है। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के पहलवानों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना है।


प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले पहलवानों के लिए आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर कुश्ती संघ और खेल विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गोरखनाथ मंदिर परिसर में होने वाले दंगल में तीनों खिताबों के लिए होने वाले मुकाबले मुख्य आकर्षण रहेंगे।