Breaking News

राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए वाहन रवाना, 12 सितंबर को होगा आयोजन

 






बलिया।। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, शनिवार को किया जाएगा। लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन रवाना किया गया।

जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय अश्वनी कुमार दुबे, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण संजीव कुमार तिवारी, अपर जनपद न्यायाधीश कोर्ट संख्या-01 पुनीत कुमार गुप्ता तथा अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत प्रथमकान्त मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया।


       सभी तहसीलों में पहुंचेगा प्रचार वाहन


प्रचार वाहन दीवानी न्यायालय परिसर से रवाना होकर जनपद की सभी तहसीलों का भ्रमण करेगा। इस दौरान आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, उपयोगिता और यहां मिलने वाले त्वरित एवं सुलभ न्याय के बारे में जानकारी दी जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ऐसे मामलों का प्रभावी समाधान कराया जा सकता है, जो जुर्माने से दंडनीय अपराध, पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी विवाद, बिजली एवं टेलीफोन बिल, टैक्स, चेक बाउंस तथा सुलह योग्य फौजदारी मामलों सहित अन्य उपयुक्त मामलों से संबंधित हों।


    कम खर्च में मिलेगा प्रभावी समाधान


राष्ट्रीय लोक अदालत की खासियत बताते हुए लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि यहां मामलों का निस्तारण आपसी सुलह और समझौते के आधार पर किया जाता है। इससे पक्षकारों का समय और खर्च दोनों बचता है। लोक अदालत में निस्तारित मामलों में सामान्यतः अपील का प्रावधान नहीं होता तथा इसका निर्णय न्यायालय के निर्णय की तरह प्रभावी होता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने लंबित या सुलह योग्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाकर सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय प्राप्त करें।


न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद


प्रचार वाहन रवाना किए जाने के कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीश प्रमोद कुमार गंगवार, सैफ अहमद, राम कृपाल, हरीश कुमार और कमलापति, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेंद्र पांडे, समस्त सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, क्रिमिनल एवं सिविल बार के अध्यक्ष, अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद के लोगों से कहा गया है कि वे अपने मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय परिसर, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।