Breaking News

लखनऊ में अधिवक्ता की आड़ में होने वाली कथित दबंगई पर सख्ती, शिकायतों के लिए विशेष प्रकोष्ठ सक्रिय





लखनऊ।। प्रदेश की राजधानी में अधिवक्ता की आड़ में होने वाली कथित दबंगई, धमकी, अवैध कब्जे और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों के लिए अब विशेष प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने इस व्यवस्था को सक्रिय करते हुए नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया सार्वजनिक कर दी है।


पुलिस के अनुसार संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) को विशेष प्रकोष्ठ का नोडल अधिकारी बनाया गया है। शिकायत पुलिस मुख्यालय के कमरा नंबर 36 में दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर 9454634500 भी जारी किया गया है।


दरअसल, हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने आए थे जिनमें कुछ लोगों पर अधिवक्ता होने का प्रभाव दिखाकर भूमि विवादों और अन्य मामलों में दबाव बनाने के आरोप लगे। ऐसे ही एक प्रकरण की सुनवाई के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी की थी। इसके बाद लखनऊ पुलिस ने पहले से मौजूद इस विशेष प्रकोष्ठ को फिर से सक्रिय करते हुए आम लोगों को इसकी जानकारी सार्वजनिक की।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य किसी अधिवक्ता या अधिवक्ता समुदाय को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि उन व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना है जो अधिवक्ता होने का दावा कर या अधिवक्ता की आड़ लेकर कानून का दुरुपयोग करते हैं अथवा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाते हैं।


पुलिस का कहना है कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो विधिक प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति अधिवक्ता होने का प्रभाव दिखाकर धमकी देता है, अवैध कब्जा करता है, वसूली करता है या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल है, तो उसकी शिकायत विशेष प्रकोष्ठ में दर्ज कराएं, ताकि तथ्यों के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।