Breaking News

राहुल गांधी व अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में यूपी में सपा कांग्रेस का प्रदर्शन तेज, लखनऊ से गोंडा और इटावा बलिया तक सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

 





लखनऊ। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ, गोंडा और इटावा समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई जगह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन और स्थानीय थानों भेज दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।


लखनऊ में विधानसभा और लोक भवन के बाहर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की रिहाई की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए पुलिस ने सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। विधानसभा और लोक भवन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।




इससे पहले राजधानी में कांग्रेस ने भी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में जन भवन का घेराव कर दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत का विरोध किया था। बाद में समाजवादी पार्टी छात्र सभा ने पूजा शुक्ला के नेतृत्व में जन भवन के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने दोनों दलों के प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।




गोंडा में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर करीब दो घंटे तक धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से एसडीएम सदर और सीओ नगर ने प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाल चंद्र गौतम, जावेद मंटू, देवेंद्र प्रताप उर्फ दीपू यादव, सिद्धार्थ सिंह, मेराज अहमद सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली भेज दिया।


प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष छात्रों, युवाओं और अन्य जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए गए थे, लेकिन उन्हें हिरासत में लिया गया। नेताओं ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।



इटावा में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। भरथना के जवाहर रोड और इटावा-कन्नौज हाईवे पर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शन समाप्त कराया। बलिया मे जिलाध्यक्ष व विधायक संग्राम सिंह यादव के नेतृत्व मे कलेक्ट्रेट पर धरना दिया जा रहा है।



दिल्ली में विपक्षी नेताओं की हिरासत के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां पूरे दिन तेज रहीं। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किए, जबकि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख सरकारी परिसरों और प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लेकर निर्धारित स्थानों पर भेजा गया।