विशेष लोक अदालत के प्रति किया गया जागरूक , वन स्टॉप सेंटर में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
बलिया।। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में वन स्टॉप सेंटर, बलिया में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैरालीगल वालंटियर्स श्रीमती रीता शर्मा, श्रीमती मीरा, श्रीमती शिल्पी गुप्ता, श्रीमती दीप्ती एवं भोला शर्मा ने उपस्थित महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को विधिक अधिकारों और न्यायिक योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान बताया गया कि माननीय मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशन में "समाधान समारोह–2026" के अंतर्गत पूरे देश में विशेष लोक अदालत अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का सुलह एवं समझौते के आधार पर निस्तारण करना है, जिनमें समझौते की संभावना हो।
पैरालीगल वालंटियर्स ने बताया कि 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवादों का समाधान कर पक्षकारों को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंध भी बने रहेंगे तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।
शिविर में यह भी बताया गया कि विशेष लोक अदालत के लिए पक्षकारों के बीच सुलह-समझौता बैठक जनपद न्यायालय, बलिया परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित की जाएगी। अधिक जानकारी एवं आवश्यक सहयोग के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।








