पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शिक्षकों ने किया कलेक्ट्रेट मार्च,धरना-प्रदर्शन
बलिया, 18 जून 2026।।राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, जनपद बलिया के नेतृत्व में आज जनपद के शिक्षकों ने पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर लागू की गई टीईटी अनिवार्यता के विरोध में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट मार्च आयोजित किया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू करना न्यायोचित नहीं है, क्योंकि उनकी नियुक्ति उस समय की प्रचलित नियमावली के अनुसार हुई थी। बाद में बनाए गए नियमों को पूर्व प्रभाव से लागू करना प्राकृतिक न्याय एवं संवैधानिक सिद्धांतों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है और वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि पूर्व नियुक्त शिक्षकों के संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग कर रहा है।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत शिक्षकों ने जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा तथा पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि यदि उनकी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन के निर्देशानुसार आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
सभा में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षक नेताओं एवं शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा शिक्षक एकता एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजेश सिंह, ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, अकिलुर्रहमान खान, संजीव कुमार सिंह, ओंकार सिंह, कर्ण प्रताप सिंह, अमित यादव, मुकेश सिंह,समीर कुमार पाण्डेय, संजय पाण्डेय, विनय राय, गणेश सिंह, राघवेन्द्र सिंह, सतेन्द्र चौबे, अशोक तिवारी, पृथ्वी नाथ मौर्य, पवन मौर्य, प्रदीप सिंह, दुर्गा दत्त सिंह, अमित राय, अनुज सिंह, अजीत श्रीवास्तव, अश्विनी यादव, राजेश सिंह, चन्दन सिंह, निर्भय सिंह, अनीश श्रीवास्तव, रविकांत तिवारी, राजेश तिवारी,, ओमप्रकाश सिंह, पंकज सिंह, अमरदेव सिंह मंटू, पंकज कुमार, संतोष पाण्डेय, आशीष कुमार, आलोक कुमार, संजीत तिवारी, रामानुज गुप्ता, जितेंद्र यादव, संजीव रंजन श्रीवास्तव, हरीशंकर यादव, रूपेश कुमार, श्यामनारायण,प्रीतिंदर सिंह,राम प्रताप यादव इत्यादि शिक्षकगण मौजूद रहें।











