Breaking News

'कैशलेस इलाज के लिए शिक्षामित्र कराएं पंजीकरण' :मानदेय व स्थानांतरण पर बीएसए से हुई चर्चा

 





बलिया। उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संघ की जिला इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बीएसए मनीष सिंह से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षामित्रों के मानदेय भुगतान, स्थानांतरण व अन्य प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श किया। उनके समक्ष आने वाली कुछ व्यावहारिक समस्याओं से बीएसए को अवगत कराया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित विषयों के नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर बीएसए ने मुख्यमंत्री कैशलेस इलाज योजना के अंतर्गत जारी किए जा रहे स्वास्थ्य कार्ड के लिए सभी शिक्षामित्रों से ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते पंजीकरण पूर्ण करने से आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने विभाग द्वारा शिक्षामित्रों के हित में किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी सकारात्मक संवाद बनाए रखने की बात कही।

इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री अखिलेश पांडे, जिलाध्यक्ष पंकज सिंह, महामंत्री अमृत सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश पांडे, निर्भय नारायण राय, श्यामनंदन मिश्र, हरेराम यादव, डिम्पल सिंह, रिंकू सिंह, लालजी वर्मा, मंजूर हुसैन, भीरगुनाथ शर्मा, राजीव कुमार, मनोज यादव, मुकेश राय, जगनारायण पाठक, सतेंद्र मौर्य, सुधीर शुक्ल, अनिल मिश्र आदि थे।