भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति ने संयुक्त रूप से लगाया हरिशंकरी का पौधा
बलिया के ट्री मैन सर्वदमन जायसवाल ने कुलपति को भेंट किया आम का पौधा
बलिया।। विश्व पर्यावरण दिवस पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और बलिया के ट्री मैन सर्वदमन जायसवाल ने संयुक्त रूप से विश्व विद्यालय स्थित शिव मंदिर के सामने हरि शंकरी का पौधा लगाकर पर्यावरण दिवस मनाया।
कुलपति प्रो नरेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण के लिये हम सभी को संकल्प लेना चाहिये। कहा कि पौधा लगा देना ही संकल्प को पूरा नहीं करता है, यह तब तक पूरा नहीं होगा जबतक हम लगाये गये पौधे की सुरक्षा नहीं करते है।
बलिया मे 4 लाख से भी अधिक पौधों को लगाने वाली बलिया के ट्री मैन सर्वदमन जायसवाल ने आम का पौधा कुलपति महोदय को भेंट किया। श्री जायसवाल ने कहा कि पौधा लगाने से जरुरी लगाये गये पौधे की रक्षा करना जरुरी है।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तरप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह ने कहा कि हर साल करोड़ों पेड़ लगाये जाते है लेकिन वो किस हाल मे है, उसको देखने वाला कोई नहीं होता है।इस पर ध्यान देना जरुरी है। पेड़ कम संख्या मे ही लगे, और इनकी अगर देखभाल हो तो पर्यावरण को बचाने मे महती योगदान होगा।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुशील कुमार ठाकुर मुन्ना जी ने कहा कि पौधारोपण अभियान सिर्फ अभियान बन कर न रहें बल्कि हकीकत मे धरातल पर उतरे, इसके लिये जरुरी है कि सड़क की पटरियों पर पेड़ लगाने की बजाय अंदर लगाया जाय। क्योंकि सड़क के चौड़ीकरण के समय सारे पौधे काट दिये जा रहे है। पेड़ लगाने वालों को स्वयं के द्वारा लगाये गये पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी होंगी।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ सुनील कुमार ओझा ने कहा कि बिना वृक्ष जीवन की सुरक्षा व विकास असंभव है। जितना हम धरती पर हरियाली लाएंगे, उतना धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा।
व्यापारी नेता रजनीकांत सिंह ने कहा कि हर साल लाखों करोड़ों पेड़ लगाये जाते है लेकिन वो दिखते नहीं है। अगर वास्तव मे जनपद को हरा भरा बनाना है तो पेड़ लगाने का जिओ टैगिंग फोटोग्राफ ऑनलाइन अपलोड होना चाहिये, जिससे कुल संख्या और जहां पौधा लगा है, वह स्थान चिन्हित किया जा सके।
व्यापारी नेता प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि सड़क किनारे लगाये गये पौधे का मालिकाना हक उसके पास के ग्रामीण को दे दिया जाय। जिससे वो व्यक्ति पेड़ की सुरक्षा करेगा। फल खाने का अधिकार उस व्यक्ति के पास हो लेकिन पेड़ काटने का अधिकार सरकार / प्रशासन के पास होगा।
इस अवसर पर प्रो प्रमोद शंकर पांडेय, डॉ लाल विजय सिंह, लक्ष्मण यादव, दिव्यांशु राय, डॉ वृजेश सिंह आदि लोग भी उपस्थित रहे।















