गाजीपुर के किसान की बेटी ने रचा सफलता का नया अध्याय, नायब तहसीलदार नेहा राय बनीं बिहार की एसडीएम
गोरखपुर।। सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार नेहा राय ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए एसडीएम पद पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। बीपीएससी परीक्षा में 16वीं रैंक प्राप्त करने वाली नेहा ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कठिन परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं।
गाजीपुर के एक किसान परिवार से आने वाली नेहा राय का सफर संघर्षों और मेहनत से भरा रहा है। पारिवारिक जिम्मेदारियों और सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपनी शिक्षा जारी रखी और लगातार खुद को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया। पढ़ाई के साथ उन्होंने शोध कार्य को भी गंभीरता से आगे बढ़ाया और सीनियर रिसर्च फेलोशिप प्राप्त कर शैक्षणिक क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
नेहा वर्तमान में गोरखपुर सदर तहसील में नायब तहसीलदार के रूप में कार्यरत हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपनी तैयारी को कभी नहीं छोड़ा। सरकारी सेवा, शोध कार्य और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी—इन तीनों मोर्चों पर एक साथ संतुलन बनाकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सदर तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब उनके चयन की जानकारी सामने आई तो अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नेहा राय की उपलब्धि केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास की मिसाल है। उन्होंने यह दिखाया कि सफलता पाने के लिए केवल सपने देखना काफी नहीं होता, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत भी करनी पड़ती है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं नेहा राय अब प्रशासनिक सेवा के उच्च दायित्वों की ओर बढ़ रही हैं। उनकी कहानी उन हजारों अभ्यर्थियों को संदेश देती है कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार, तो सफलता देर से सही लेकिन जरूर मिलती है।









