सम्पूर्ण समाधान दिवस मे आये 161 मामलों मे 8 का मौके पर निस्तारण, थानाध्यक्ष के खिलाफ बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने दिया पत्रक
बिल्थरारोड (बलिया)।। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों का हुजूम उमड़ पड़ा। सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, कब्जा, पेंशन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 161 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान एक महिला ने तीन माह से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल जांच कर पेंशन बहाल कराने के निर्देश दिए।
हल्दीरामपुर की एक महिला ने शिकायत की कि उसके नाम दर्ज भूमि पर उसे कब्जा नहीं करने दिया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को मौके पर जांच कर दो दिनों के भीतर महिला को भूमि पर कब्जा दिलाने का निर्देश दिया।एक अन्य गंभीर मामले में शिकायतकर्ता ने बताया कि खतौनी में जीवित व्यक्ति चंद्रशेखर को मृत दर्शाकर उसके स्थान पर अरविंद का नाम दर्ज कर दिया गया है, जबकि अरविंद की भी मृत्यु हो चुकी है। इस त्रुटि पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल अभिलेखों में सुधार कर चंद्रशेखर का नाम दर्ज करने का आदेश दिया।
उभाँव थानाध्यक्ष दिनेश पाठक के खिलाफ बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने दिया पत्रक
भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह ने उभांव थानाध्यक्ष के स्थानांतरण के बाद भी थाने पर जमे रहने और भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर स्थानांतरित करने का मांग किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर तहसील परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य एवं उपजिलाधिकारी कक्ष का जिलाधिकारी ने फीता काटकर लोकार्पण भी किया। समाधान दिवस में एसडीएम शरद चौधरी, सीएमओ डॉ अभयनारायण राय, सीओ चकबंदी सुरेशचंद मिश्र, सीएचसी सीयर अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी , कर्मचारी उपस्थित रहे।









